
भिवंडी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 25, 2025
- 516 views
भिवंडी। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा भिवंडी द्वारा 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन कामतघर स्थित स्व. मोतीराम दादाजी काटेकर मैदान में बड़े उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की संस्कृति, गौरव और योगदान को रेखांकित करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक उत्तर भारतीय मोर्चा भिवंडी के अध्यक्ष मंगेश यादव ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के प्रतिभाशाली और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। सम्मानित लोगों में समाजसेवा, शिक्षा, कला, और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शामिल थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायिका अनामिका त्रिपाठी, सुजीत गौतम, आशुतोष रागी और धीरु पाल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी गायकी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन में भाजपा भिवंडी जिलाध्यक्ष एड. हर्षल पाटिल, मुंबई के वरिष्ठ भाजपा नेता आर. डी. यादव, प्रदेश सदस्य सुगंधा टावरे, ओबीसी अध्यक्ष विठोबा नाईक, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुनीता टावरे, युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजू चौगुले सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत शाल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर किया गया।कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट नंदन गुप्ता ने कुशलतापूर्वक किया। इस दौरान अतिथियों ने उत्तर भारतीय समाज की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का यह आयोजन न केवल समाज के लिए गर्व का विषय बना, बल्कि उत्तर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भिवंडी में जीवंत रूप से प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और उत्तर भारतीय समाज के सदस्य उपस्थित थे।
रिपोर्टर