पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के परिवार पर आरोप गलत: देवेश पाटील
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 22, 2025
- 551 views
भिवंडी। भिवंडी लोकसभा क्षेत्र में विकास के लिए जनता द्वारा चुने गए सांसद सुरेश म्हात्रे पर आरोप लगाते हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के भतीजे देवेश पाटील ने कहा है कि सुरेश म्हात्रे अपने असफलता को छिपाने और जनता की सहानुभूति पाने के लिए उनके परिवार को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। देवेश पाटील ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन आरोपों का खंडन किया। इस मौके पर उनके भाई सुमित पाटील भी मौजूद थे। देवेश पाटील ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना और स्व. मनोज म्हात्रे हत्याकांड में उनके परिवार पर लगाए गए आरोप झूठे और बचकाने हैं। उन्होंने कहा कि "हमने ऐसे निराधार आरोप लगाने वालों पर मानहानि का दावा दाखिल न करने का निर्णय लिया है।" बुलेट ट्रेन परियोजना में रिश्वत लेने और दस्तावेजों में गड़बड़ी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेश पाटील ने कहा कि इस मामले में भिवंडी न्यायालय में दाखिल याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि "स्व. मनोज म्हात्रे की हत्या एक निंदनीय घटना थी, और हमने कभी उसका समर्थन नहीं किया। इस मामले में पुलिस ने जांच की है और दोषारोप पत्र दाखिल कर सुनवाई जारी है। ऐसे में आठ साल बाद हमारे परिवार को बदनाम करने का प्रयास गलत है।"सांसद सुरेश म्हात्रे और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए देवेश पाटील ने कहा कि "उन्होंने कई किसानों को धोखा दिया है और वन विभाग की जमीन पर अवैध गोदाम बनाए हैं।" देवेश पाटील ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सभी अवैध निर्माण की जांच की मांग करेंगे। देवेश पाटील ने सांसद सुरेश म्हात्रे पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके आरोप केवल राजनीतिक लाभ और टीआरपी बढ़ाने के लिए लगाए गए हैं, जिनका कोई आधार नहीं है।


रिपोर्टर