सब्जी मंडी में आलू का बोरा उतारते समय ट्रक से गिरकर मजदूर की मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 23, 2026
- 4 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के भभुआ की सब्जी मंडी में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय मजदूर परवेज आलम की मौत हो गई। ट्रक से आलू का बोरा उतारने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बोरे के साथ सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अभिलाष चंद्रा ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के भरंदुआ मोहल्ला निवासी स्वर्गीय गुलमाही राइन के पुत्र परवेज आलम के रूप में हुई है। वह भभुआ के वार्ड संख्या 25 में रहकर मजदूरी करते थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सब्जी मंडी रोड पर ट्रक से आलू के बोरे उतार रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परवेज अपने पीछे दो बेटे साहिल और अयान तथा एक बेटी खुशी खातून को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि पहली पत्नी से तलाक के बाद करीब चार महीने पहले ही उन्होंने जुलैखा बेगम से दूसरी शादी की थी। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले परवेज की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना पर नगर परिषद के पूर्व सभापति विकास तिवारी उर्फ बबलू तिवारी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी। उन्होंने सरकार से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं, पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एक हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया है, वहीं परिवार के सामने अब भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।


रिपोर्टर