राजस्व न्यायालयों में अब होगी ऑनलाइन सुनवाई, RCMS प्रणाली से आएगी पारदर्शिता और तेजी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 23, 2026
- 4 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
मुख्यमंत्री ने किया RCMS पोर्टल का शुभारंभ, डीएम ने CO और DCLR के साथ की समीक्षा बैठक; लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
कैमूर:-- बिहार में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की RCMS (Revenue Court Management System) प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब राजस्व न्यायालयों में ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आम लोगों को अपने राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार न्यायालय का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। RCMS प्रणाली के माध्यम से राजस्व न्यायालयों की सुनवाई, मामलों की प्रगति और पारित आदेशों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही, सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था से लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निपटारा करने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रणाली के शुभारंभ के बाद कैमूर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) एवं जिले के सभी अंचल अधिकारी (CO) शामिल हुए। बैठक में RCMS प्रणाली की कार्यप्रणाली और जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी CO एवं DCLR को निर्देश दिया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित करें। सभी मामलों की प्रविष्टि, अभिलेख, सुनवाई की तिथि और पारित आदेशों को RCMS पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए और मामलों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों का निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, ऑनलाइन सुनवाई के दौरान आने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को जिले में RCMS प्रणाली के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी अनुमंडलों एवं अंचलों में संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि RCMS प्रणाली का उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन सुनवाई से लोगों का समय और पैसा बचेगा तथा न्यायालयों की कार्यप्रणाली में जवाबदेही बढ़ेगी। यह पहल बिहार सरकार के सात निश्चय-3 और 'सबका सम्मान–जीवन आसान' के संकल्प के अनुरूप डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन की ओर से RCMS प्रणाली को जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर