मोहनियां में दिनदहाड़े महिला से लाखों के आभूषण की छिनतई, बाइक सवार दो अपराधी फरार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 20, 2026
- 32 views
भभुआ-मोहनियां पथ पर हुई वारदात, पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की लगाई गुहार
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- मोहनियां थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के आभूषण छीन लिए और फरार हो गए। घटना भभुआ-मोहनियां पथ पर हुई। मामले में पीड़िता प्रियंका प्रियदर्शिनी ने मोहनियां थाने में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता अंवारी गांव की निवासी हैं। वह घटना के समय भभुआ-मोहनियां पथ पर कंप्यूटर क्लास कर घर जा रही थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात अपराधी उनके समीप पहुंचे।
बाइक रोककर दोनों ने उनसे योगा क्लास के बारे में पूछताछ शुरू की। पीड़िता के मुताबिक, जब तक वह कुछ समझ पातीं, तब तक दोनों अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन, हाथ से सोने की अंगूठी और कान से सोने के झुमके छीन लिए। आवेदन में सोने की चेन की कीमत करीब 4 लाख रुपये, अंगूठी की कीमत 50 हजार रुपये और झुमके की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पीड़िता ने कुल करीब 5 लाख 70 हजार रुपये के आभूषण छीनने की बात कही है। वारदात के बाद अपराधियों ने किसी को घटना की जानकारी देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी और बाइक से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। अब पीड़िता ने मोहनियां थाने में आवेदन देकर मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।


रिपोर्टर