सासाराम में विक्रमगंज के वाहन का कहर, आधा दर्जन लोग घायल दो की हालत गंभीर

अखिल भारतीय समाचार टीम 

बिहार---रोहतास जिला मुख्यालय शहर सासाराम के प्रभाकर मोड़ के पास एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया है। बिक्रमगंज थाना के वाहन की टक्कर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रभाकर मोड़ के पास जमकर हंगामा किया और पुरानी जीटी रोड पर आवागमन बाधित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक ने सबसे पहले सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद मौके से भागने के प्रयास में चालक ने एक बाइक और एक कार को भी टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक और कार पर सवार लोग भी घायल हो गए। हादसे में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।

घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने प्रभाकर मोड़ के पास हंगामा करते हुए पुरानी जीटी रोड पर यातायात बाधित कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संज्ञान लिया और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।

एक साल पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी चेनारी थाना के वाहन से एक व्यक्ति को टक्कर लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें युवक की मौत हो गई थी। अब सासाराम में विक्रमगंज थाना के वाहन से जुड़े इस हादसे के बाद लोगों में एक बार फिर नाराजगी देखने को मिली है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। पुलिस वाहनों से जुड़े हादसों में भी जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल हादसे में घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। घटना ने शहर में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट