तीन दिवसीय वास्केट वाल का उद्घाटन डीएम ने किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 19, 2026
- 6 views
रोहतास।खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, रोहतास के आयोजन में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रमंडल विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का आज दिनांक 19.11.2026 को फजलगंज खेल मैदान, सासाराम में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान उप समाहर्ता श्री विक्रम कुमार, श्री हिमांशु शेखर, डायट प्राचार्या एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री विजय कुमार पंडित उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में श्री शंकर +2 विद्यालय, सासाराम की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बिहार के विभिन्न प्रमंडलों एवं एकलव्य केंद्र से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल शारीरिक दक्षता के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बालक अंडर-17 वर्ग में दरभंगा प्रमंडल एवं एकलव्य बिहार की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज गति एवं बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
19 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों एवं एकलव्य केंद्र के खिलाड़ी निर्धारित आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा राज्य में बास्केटबॉल खेल को प्रोत्साहित करना है। जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


रिपोर्टर