HIV/AIDS के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने हेतु निकाली गई जागरूकता बाइक रैली
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 12, 2026
- 11 views
रोहतास। HIV/AIDS के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर, रोहतास से जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त डॉ आकांक्षा आनंद द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया।
रैली के माध्यम से आम लोगों को HIV संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों एवं समय पर जांच कराने के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, लोगों से HIV संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की अपील की जा रही है।
इस अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी ने कहा कि HIV/AIDS के प्रति जागरूकता, सही जानकारी और समय पर जांच संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है, ताकि संक्रमित व्यक्ति भी सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और बिना किसी भय या भेदभाव के आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि HIV/AIDS से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करें, आवश्यकता होने पर समय पर जांच कराएं तथा जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, डीआरडीए निदेशक, एनसीसी के छात्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


रिपोर्टर