सेवा संकल्प अभियान के बाइकर्स का सासाराम में भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा कर किया गया अभिनंदन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 06, 2026
- 8 views
रोहतास।भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित संकल्प सेवा अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइकर्स की सेवा यात्रा का मंगलवार को सासाराम के धर्मशाला चौक स्थित गांधी स्मारक के पास भव्य स्वागत किया गया। सासाराम पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइकर्स पर पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
बाइकर्स के साथ भाजपा रोहतास के जिलाध्यक्ष श्री संतोष पटेल एवं जिला उपाध्यक्ष श्री विजय सिंह भी यात्रा में शामिल रहे। स्वागत कार्यक्रम में सासाराम विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री जवाहर प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शिवनाथ चौधरी एवं जिला प्रवक्ता सह प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक शरदचंद संतोष, नगर निकाय प्रकोष्ठ बिहार प्रदेश के सह संयोजक सुनील कुशवाहा, नगर महामंत्री सुरेंद्र पाण्डेय, उपाध्यक्ष सुशील सोनी, बजरंगी कुमार, अरुण कांस्यकार, राम इकबाल सिंह, मंटू पासवान, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री जवाहर प्रसाद ने कहा कि वडनगर से वाराणसी के लिए निकले बाइकर्स का सासाराम की धरती पर स्वागत करना हम सभी के लिए खुशी की बात है। भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा सेवा और संगठन के कार्यों में आगे रहते हैं। इस यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के बीच सेवा और समर्पण का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं। सासाराम के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ बाइकर्स का स्वागत किया है, वह सराहनीय है।
जिला मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शिवनाथ चौधरी ने कहा कि संकल्प सेवा अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी के लिए निकले बाइकर्स का सासाराम में स्वागत करने का अवसर मिला, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। पार्टी के कार्यकर्ता सेवा कार्यों के माध्यम से लगातार समाज से जुड़ने का काम कर रहे हैं। आज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन के प्रति उनके उत्साह को दिखाया है। उन्होंने बाइकर्स की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।
जिला प्रवक्ता सह प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा ने कहा कि सासाराम पहुंचने पर बाइकर्स का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। हमारे यहां ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा रही है और उसी भावना के साथ कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल सभी साथियों का अभिनंदन किया। वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा सेवा और संगठन के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाई, जो संगठन की मजबूती का परिचायक है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइकर्स का उत्साहवर्धन करते हुए उनका स्वागत किया और उनकी यात्रा की सफलता एवं सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने की कामना की।


रिपोर्टर