तेज रफ्तार ट्रॉली ट्रक अनियंत्रित होकर NH-19 पर पलटा, चालक घायल — करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 07, 2026
- 29 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर------ जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में NH-19 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पछाहगंज के समीप तेज रफ्तार से जा रहा एक ट्रॉली ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली ट्रक कुदरा की तरफ से सासाराम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पछाहगंज के समीप अचानक ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते तेज रफ्तार ट्रॉली ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर NL01AD0160 सड़क पर पलट गया।
हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक के पलटते ही चालक उसके अंदर फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन को बुलाकर ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। घायल चालक की पहचान मोहम्मद अशरफ अली, निवासी हजारीबाग, झारखंड के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम और NHAI की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
ट्रक के सड़क पर पलट जाने के कारण NH-19 पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आने-जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, राहत और बचाव कार्य के बाद ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
वहीं घायल चालक को इलाज के लिए कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया।


रिपोर्टर