स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकम्प का आयोजन संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 30, 2026
- 5 views
रोहतास।शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय, सासाराम में 'स्टार्टअप बिहार आईडिया बूटकम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप टीमों को नवाचार,उद्यमिता और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन एवं अनुभवी मेंटर्स से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ असिस्टेंट प्रोफेसर,ओमप्रकाश, जिला स्टार्टअप सेल कोऑर्डिनेटर नीतीश कुमार दुबे,डीआईसी के प्रोजेक्ट मैनेजर,जितेंद्र,मृणाल एवं एचपीई के को-फाउण्डर अजय सोनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में असिस्टेंट प्रोफेसर ओम प्रकाश ने विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने तथा अपने विचारों को प्रयोग एवं नवाचार के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। जिला स्टार्टअप सेल कोऑर्डिनेटर नीतीश कुमार दुबे ने कहा कि स्टार्टअप केवल व्यवसाय शुरू करने का नाम नहीं है,बल्कि किसी वास्तविक समस्या की पहचान कर उसका बेहतर और व्यावहारिक समाधान तैयार करने की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आइडिया को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उसे धरातल पर उतारने और समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का आह्वान किया। डीआईसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र एवं मृणाल ने भी अपने संबोधन में स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और सहयोग की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को अपने विचारों पर निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मेंटर कनेक्ट सेशन में लगभग 30 स्टार्टअप टीमों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने आइडिया,उनके सामने मौजूद समस्याओं तथा उन समस्याओं के प्रस्तावित समाधान को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया। सोनू, हर्ष, पवन और आतिफ सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने आइडिया एवं समस्या-समाधान की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा और अपने विचारों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप टीमों को अपने विचारों को बेहतर बनाने, विशेषज्ञों से जुड़ने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।


रिपोर्टर