पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर गया में बैंककर्मियों का जोरदार प्रदर्शन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 28, 2026
- 8 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गया---- 27 अगस्त। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को एसबीआई पीबीबी शाखा के सामने बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने तथा एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण निर्णयों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर एआईबीओसी गया के सचिव राजीव नयन ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग अब कर्मचारियों की मांग ही नहीं, बल्कि बेहतर कार्य-जीवन संतुलन की आवश्यकता है। गया जिला बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव संजय कुमार ने एकतरफा निर्णयों पर रोक और द्विपक्षीय संवाद की मांग की। केनरा बैंक ऑफिसर्स यूनियन के जितेंद्र कुमार ने अव्यावहारिक आदेशों का विरोध किया।
भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महासचिव विकास कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर संगठन एकजुट है। प्रदर्शन में मृगांक, रॉबिन राज, पंकज कुमार, उत्तम सिंह, बिनीत कुमार सिंह और ज्योति रंजन सहित अन्य मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने, एकतरफा निर्णय वापस लेने और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन की व्यवस्था पर द्विपक्षीय चर्चा की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 11 सितंबर को एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।


रिपोर्टर