एन एस एस एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा


 रोहतास।गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जम्हार में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त तत्वावधान में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता की तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जगदीश सिंह, कुलाधिपति के सलाहकार प्रो. (डॉ.) महेंद्र सिंह एवं औरंगाबाद के माननीय विधायक एवं प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह एवं विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

यात्रा के दौरान नारायण स्कूल ऑफ लॉ की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संगीता सिंह ने विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की। आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं नारायण वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्वयंसेवकों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम से जुड़े नारों से पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. धनंजय तिवारी तथा सह-समन्वयक लेफ्टिनेंट डॉ. मयंक राय रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी वेदांत प्रजापति, फिजिकल इंस्ट्रक्टर रौशन सिंह, एवं सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर श्री सूरज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारीगण श्री रणधीर करण, श्री बैजनाथ सरकार, श्री अमितेश पांडेय, श्री रितेश पांडेय, श्री साइकत मंडल, श्री मोहित गुप्ता, श्री संजीव यादव सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों के साथ यात्रा में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तिरंगा यात्रा ने विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सशक्त किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट