बी.के. बिड़ला महाविद्यालय में 'माधव नर्चर कैंप' संपन्न, गणित के उन्नत शोध से रूबरू हुए विद्यार्थी
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Jul 22, 2026
- 7 views
कल्याण। बी.के. बिड़ला महाविद्यालय, कल्याण के गणित विभाग की ओर से नेशनल बोर्ड फॉर हायर मैथमेटिक्स (एनबीएचएम), परमाणु ऊर्जा विभाग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान तथा भास्कराचार्य प्रतिष्ठान और मुंबई विश्वविद्यालय के गणित विभाग के विशेष सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय 'माधव नर्चर कैंप' का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के विद्यार्थियों और गणितज्ञों की सहभागिता रही।
शिविर में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु, भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई), बेंगलुरु, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई तथा बी.के. बिड़ला महाविद्यालय के कुल 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न आईआईटी के ख्यातिप्राप्त गणितज्ञों ने उच्च गणित के विविध विषयों पर व्याख्यान देकर विद्यार्थियों को आधुनिक गणितीय अवधारणाओं, नवीन शोध कार्यों तथा उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी दी।
व्याख्यानों और संवाद सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सीधे चर्चा करने, शोध की नई संभावनाओं को समझने तथा गणित के क्षेत्र में करियर और अनुसंधान के अवसरों से परिचित होने का अवसर मिला। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय शोध के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए प्रेरित करना रहा।
शिविर का आयोजन मुंबई विश्वविद्यालय के गणित विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अनुराधा गर्गे तथा बी.के. बिड़ला महाविद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष प्रा. प्रकाश संसारे के मार्गदर्शन में किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अविनाश पाटिल, शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश चंद्र तथा भास्कराचार्य प्रतिष्ठान से जुड़े डॉ. विनायक सोलापुरकर के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और निरंतर सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रा. गजानन धुमाल ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। शिविर के सफल संचालन में डॉ. कृष्णा घोड़े, सुश्री प्रज्ञां चांदे, सुश्री कोमल बडगुजर तथा निमेश मोरे सहित गणित विभाग के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


रिपोर्टर