डीएम ने यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 01, 2026
- 3 views
रोहतास। शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने तथा जाम की समस्या से स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र द्वारा प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर जाम होने के प्रमुख कारणों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान यातायात संचालन को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम विकास कुमार को आवश्यक निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने बताया कि शांति समिति की बैठक में भी शहर में लगने वाले जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए वरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गयी जिसमें यातायात प्रबंधन को लेकर ठोस रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक बेहतर,नियंत्रित एवं व्यवस्थित बनाया जायेगा,ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जायेगा। जिलाधिकारी बेदा स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बेदा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा कास्टिंग पीरियड समाप्त होते ही इसे चालू कर दिया जाएगा। फ्लाईओवर के चालू होने के बाद शहर के अंदर पैसेंजर बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी जायेगी,जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात दबाव में कमी आयेगी और जाम की समस्या नियंत्रित होगी। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने शहर में परिचालित टोटो वाहनों के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर भी विशेष निर्देश दिये। उन्होंने नगर आयुक्त को टोटो यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्य-योजना बनाने को कहा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय तथा नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम सहित अनेक वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर