सीमावर्ती गांवों में एसएसबी का सेवा अभियान, 835 पशुओं व 92 ग्रामीणों को मिला मुफ्त उपचार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 30, 2026
- 4 views
नरकटियागंज की 44वीं वाहिनी ने मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर लगाकर बांटी निःशुल्क दवाइयां, स्वास्थ्य के हेतु किया जागरूक
बिहार
पश्चिमी चंपारण-- जिले के नरकटियागंज इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन कर रही है। कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन में वाहिनी के कार्यक्षेत्र वाइब्रेंट विलेज के तहत डी समवाय मंगूराहा के मंगूराहा गांव और जी समवाय के कैरी गांव में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सहायक कमांडेंट एवं पशु चिकित्सा अधिकारी विनीत कुमार ने 60 पशुपालकों के 835 पशुओं की जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
वहीं बी समवाय नगरदेही की बाह्य सीमा चौकी भंगहा के भंगहा बाजार में मानव चिकित्सा शिविर लगाया गया। सहायक कमांडेंट एवं चिकित्सा अधिकारी कुंदन जायसवाल ने 50 पुरुष, 28 महिलाओं और 14 बच्चों सहित कुल 92 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवाइयां वितरित कीं। साथ ही ग्रामीणों को संतुलित खानपान, स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट परिमल कुमार मंडल, सहायक कमांडेंट तरुण कुमार यादव, निरीक्षक (सामान्य) प्रवीण कुमार, सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) राजेश कुमार तोमर, सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) राजकुमार सिंह, मुख्य आरक्षी (वेटी) योगेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी (मेडिक्स) राजेश कुमार तथा आरक्षी (वेटी) प्रदीप कुमार उपस्थित रहे।
एसएसबी के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित ऐसे स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविरों से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को लगातार लाभ मिल रहा है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और जनकल्याण के प्रति बल की प्रतिबद्धता भी मजबूत हो रही है।


रिपोर्टर