एनएच-119 पर जलजमाव और थाना चौक के पास टूटी नाली बनी मुसीबत, स्थानीय लोगों ने उठाई त्वरित कार्रवाई की मांग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 30, 2026
- 2 views
रोहतास। तिलौथू प्रखंड से होकर गुजरने वाले एनएच-119 (डेहरी–तिलौथू मुख्य मार्ग) पर जाम नाले के कारण सड़क पर जलजमाव और थाना चौक के पास टूटी नाली आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो रहा है, जबकि टूटी नाली के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी के समीप नाले की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालक, पैदल राहगीर और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लगातार जलभराव के कारण सड़क फिसलनभरी हो जाती है और गंदा पानी जमा रहने से बदबू व मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। वहीं, तिलौथू थाना चौक के पास टूटी नाली भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। व्यस्त सड़क होने के कारण यहां हर समय वाहनों की आवाजाही रहती है और नाली क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय दुकानदार राज.कॉम के दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे ग्राहकों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की।
वहीं थाना चौक स्थित मोबाइल दुकानदार सुभाष कुमार शर्मा ने कहा कि टूटी नाली के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से अविलंब नाली की मरम्मत एवं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जाम नाले की तत्काल सफाई, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था तथा थाना चौक के पास टूटी नाली की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।


रिपोर्टर