पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की मंत्री ने मोकर में किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 29, 2026
- 4 views
रोहतास। बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद द्वारा सासाराम के मोकर स्थित राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई,सुविधाओं एवं भविष्य की आकांक्षाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज में समान अवसर प्रदान करती है और बेटियों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन,अनुशासन एवं कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान मंत्री ने छात्राओं से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। रमा निषाद ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों,विशेषकर बालिकाओं के शैक्षणिक विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है,ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता,छात्रावास व्यवस्था,भोजन, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गयी। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि छात्राओं की सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


रिपोर्टर