नारायण मेडिकल कॉलेज में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डेहरी रोहतास।जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में भारतीय चिकित्सा परिषद, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में चिकित्सा छात्रों एवं नर्सिंग स्टाफ के बीच अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत मॉक ड्रिल एवं व्याख्यान के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के प्रभारी पदाधिकारी एवं उपाधीक्षक ए. के. वर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अस्पताल भवनों के प्रवेश एवं निकास मार्ग को किसी भी परिस्थिति में अवरुद्ध नहीं करना चाहिए। उन्होंने भवनों में विद्युत तारों को सुरक्षित रखने, जलते हुए सिगरेट अथवा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं को इधर-उधर नहीं फेंकने तथा अग्नि सुरक्षा योजना को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों एवं मानकों को अधिकतम रखने की सलाह दी।

इस अवसर पर डिहरी, रोहतास अग्निशमन पदाधिकारी बिंदु बैठा ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं आग बुझाने के विभिन्न उपायों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को इसकी बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा छात्रों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में अग्निक प्रधान फिरोज अंसारी, अग्निक चालक चंदन कुमार, अग्निक सपना कुमारी, अंजली कुमारी राय एवं विवेक कुमार सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के बीच अग्नि सुरक्षा संबंधी पंपलेट एवं पोस्टर का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. विकास कुमार, सहायक कुलसचिव अजय कुमार सिंह, अमित कुमार, प्रवीण कुमार, पुष्कल रंजन, रविंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार एवं लवकुश कुमार सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट