मियांचक बाजार में भीषण आग जल निगम की पाइप लाइन में लगी आग से भारी नुकसान
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Apr 23, 2026
- 285 views
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मियांचक बाजार में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात कारणों से जल निगम की रखी पाइप लाइन में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा काफी सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में धुएं का घना गुबार पूरे बाजार में फैल गया। इससे दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई दुकानदारों ने अपने स्तर पर सामान बचाने और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान काफी देर तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग की चपेट में आकर पाइप लाइन के आसपास रखा प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जिससे काफी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बना हुआ है।


रिपोर्टर