रामनवमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:-- आगामी रामनवमी (27 मार्च 2026) को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक और सुदृढ़ तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। गुरुवार को लिच्छवी भवन में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, रामनवमी के दिन सुबह 6 बजे से जुलूस की समाप्ति तक जिले के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। भभुआ नगर के प्रमुख स्थानों—एकता चौक, महावीर स्थान, पूरब पोखरा और मदरसा चौक सहित ग्रामीण इलाकों के महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 150 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रॉप गेट स्थापित किए गए हैं, जहां विशेष पुलिस निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, जिले के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पावन पर्व को शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष (फोन: 06189-223241) पर देने की अपील की गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट