भिवंडी मनपा महापौर व उपमहापौर चुनाव में महायुति आमने- सामने

विभिन्न दलो के 10 महापौर और 7 उप महापौर पद के नामांकन दर्ज


पूर्व महापौर विलास पाटिल पुलिस कस्टडी से पहुंचकर किया नामांकन


भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका में आगामी 20 फरवरी को होने वाले महापौर और उप महापौर पद के चुनाव को लेकर सोमवार 16 फरवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान महापौर पद के लिए 10 और उप महापौर पद के लिए 7 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। चुनावी माहौल में भाजपा, शिवसेना (महायुति) सहित विभिन्न राजनीतिक दल आमने-सामने नजर आए, जबकि तीन पूर्व महापौर भी एक बार फिर चुनावी मैदान में उतर गए हैं। 

गौरतलब है कि 90 सीटों वाली भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका का चुनाव 15 जनवरी को संपन्न हुआ था, जबकि मतगणना 16 जनवरी को हुई थी। चुनाव परिणाम में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। कांग्रेस ने 30 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया, जबकि भाजपा को 22 सीटें मिलीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (शिंदे गुट) को 12-12 सीटें, समाजवादी पार्टी को 6 सीटें, कोणार्क विकास आघाड़ी को 4 सीटें, भिवंडी विकास आघाड़ी (एकता मंच) को 3 सीटें और एक निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा।

नामांकन की बात करें तो कांग्रेस की ओर से महापौर व उप महापौर दोनों पदों के लिए तारिक अब्दुल बारी मोमिन ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की‌ ओर से महापौर पद के लिए नारायण रतन चौधरी  और स्नेहा मेहुल पाटिल ने नामांकन पत्र दाखिल किया है, जबकि उप महापौर पद के लिए सुहास जालिंदर नकाते ने नामांकन दाखिल किया।

शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से महापौर पद के लिए बालाराम मधुकर चौधरी और सुचिता रूपेश म्हात्रे मैदान में हैं, जबकि उप महापौर पद के लिए अस्मिता प्रभुदास नाईक ने नामांकन किया है। कोणार्क विकास आघाड़ी की ओर से विलास रघुनाथ पाटिल, प्रतिभा विलास पाटिल और एडवोकेट मयुरेश विलास पाटिल ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया, वहीं एडवोकेट मयुरेश पाटिल ने उप महापौर पद के लिए भी नामांकन किया है।

भिवंडी विकास आघाड़ी की ओर से जावेद गुलाम मोहम्मद दलवी ने महापौर और उप महापौर दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल किया है, जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से उप महापौर पद के लिए शेख आरीब मोहम्मद याकूब उम्मीदवार हैं। राकांपा के किसी भी सीटों पर नामांकन दाखिल नही किया है। अब सभी की नजरें 20 फरवरी को होने वाले महापौर और उप महापौर चुनाव पर टिकी हैं, जहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण राजनीतिक समीकरण निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

पुलिस कस्टडी में मुख्यालय आकर पूर्व मेयर ने दाखिल किया नामांकन...

ठाणे आर्थिक अपराध शाखा द्वारा धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी के बाद चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए पूर्व मेयर विलास पाटिल ने कोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस कस्टडी में मनपा मुख्यालय में पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया है।/जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। ठाणे आर्थिक अपराध शाखा ने वर्ष 2025 में दर्ज एक कथित धोखाधड़ी मामले में पूर्व महापौर विलास पाटिल को शुक्रवार 13 फरवरी की रात 12 बजे रात  छापामार कर गिरफ्तार किया था।जिन्हें अदालत ने उन्हें 18 फरवरी तक चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया था।इस दौरान पूर्व मेयर ने मनपा महापौर चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने हेतु पुलिस कस्टडी में ही मनपा में जाने की अनुमति मांगी थी। जिसके लिए दायर की गई याचिका पर 16 फरवरी को अदालत में सुनवाई हुई। जिसके बाद अदालत ने उन्हें दो घंटे के पैरोल पर नामांकन भरने की छूट प्रदान की।लेकिन उन्हें मीडिया व पब्लिक से दूर रहने की हिदायत दी गई थी। जिसके बाद विलास पाटिल ने पुलिस कस्टडी में मनपा मुख्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट