पुरानी रंजिश में खूनी खेल मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की हत्या 8 लोगों पर FIR दर्ज
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 13, 2026
- 54 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश ने फिर एक बार खूनी रूप ले लिया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुबह टहलने निकले एक युवक की कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
यह सनसनीखेज मामला कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव का है। आपसी रंजिश की आग ने यहां एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान तेनुआ गांव के निवासी सुखदेव प्रसाद के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह सुखदेव प्रसाद अपने भाई सूरज कुमार के साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि मौत उनका इंतजार कर रही है। गांव के ही पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने दोनों भाइयों को घेर लिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से सुखदेव पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में सुखदेव प्रसाद बुरी तरह लहूलुहान हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें रामगढ़ अस्पताल ले गए, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल भभुआ और फिर वहां से वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सुखदेव को बचाया नहीं जा सका और वाराणसी में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के भाई सूरज कुमार ने स्थानीय थाने में 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मामले की पुष्टि करते हुए रामगढ़ थाना अध्यक्ष हर प्रसाद शर्मा ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा तो दिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक पुरानी रंजिशों में यूं ही खून बहता रहेगा? मृतक के परिजन अब इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।


रिपोर्टर