लालबावटा रिक्षा चालक मालक संगठन का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भूख हड़ताल में बदला
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 10, 2026
- 105 views
भिवंडी। लालबावटा रिक्षा चालक मालक संगठन द्वारा भिवंडी नगरपालिका मुख्यालय के सामने शुरू किया गया धरना प्रदर्शन, प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण मंगलवार को भी जारी रहा। इस आंदोलन में अब चार रिक्षा चालकों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
भिवंडी शहर के 'मंडई' इलाके में स्थित रिक्षा स्टैंड परिसर में पुलिस चौकी के ठीक सामने कुछ टपरियां रख दी गई हैं। इसके कारण रिक्षा स्टैंड पर वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं बची है। संगठन का आरोप है कि इस संबंध में पिछले एक साल में नगरपालिका प्रशासन को पाँच बार पत्र लिखा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के विरोध में संगठन के प्रमुख कॉमरेड सुनील चव्हाण के नेतृत्व में सोमवार को भिवंडी महानगरपालिका मुख्यालय के सामने धरना दिया गया था। प्रशासन से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संगठन ने मंगलवार को भी आंदोलन जारी रखा। इस दौरान रिक्षा चालक कार्यकर्ता नदीम अंसारी, फिरोज शेख, अंसार अंसारी और एजाज मोमीन आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
कॉमरेड सुनील चव्हाण ने चेतावनी दी है कि यदि नगरपालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो बुधवार को पूरे नगरपालिका मुख्यालय का रिक्षाओं के जरिए घेराव किया जाएगा।
वही इस आंदोलन को लेकर नगरपालिका के उपायुक्त विक्रम दराडे ने जानकारी दी कि लालबावटा रिक्षा चालक मालक संगठन की मांग के अनुसार, सोमवार को ही स्थानीय प्रभाग समिति क्रमांक 5 के माध्यम से टपरियों को हटाने की कार्रवाई की गई है। हालांकि, अब संगठन की मांग वहां स्थित एक राजनीतिक दल के कार्यालय को लेकर है। यूनियन के प्रतिनिधियों को सूचित कर दिया गया है कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई की जा सकेगी, जिसमें कुछ समय लगेगा।


रिपोर्टर