हलीम गद्दी हत्याकांड का मुख्य आरोपी व टॉप-10 अपराधी चंदन पासवान गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- कैमूर पुलिस ने मोहनियाँ अनुमण्डल के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल शातिर अपराधी चंदन पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त मोहनियाँ वार्ड नंबर-09 निवासी हलीम गद्दी की हत्या और एक लूट कांड समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस के अनुसार, गत 09 दिसंबर 2025 को मोहनियाँ सिटी जिम के पास हसबुन निशा के पुत्र हलीम गद्दी की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया था। इस मामले में मोहनियाँ थाना कांड संख्या-983/25 के तहत 19 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद से ही पुलिस की पकड़ से बचने के लिए चंदन पासवान लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, मोहनियाँ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय आसूचना और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर चंदन पासवान (पिता- कन्हैया पासवान, साकिन- मोहनियाँ वार्ड नं0-12) को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह हलीम गद्दी हत्याकांड (कांड सं0-983/25) के अलावा मोहनियाँ थाने में ही दर्ज लूट के एक अन्य मामले (कांड सं0-761/25) में भी आरोपी था, जिसमें उस पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट