अचानक घरों में लग रहे हैं आग


रोहतास ।जिले में आयरकोठा थाना क्षेत्र के अहरांव गांव में बीते लगभग एक महीने से आधा दर्जन से अधिक घरों में अपने आप आग लगने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग अंधविश्वास से जोड़ रहे हैं। 

ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने से पहले घरों से धीरे-धीरे धुआं निकलने लगता है और फिर देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगती हैं। इससे लोग पूरी तरह भयभीत हैं।

सबसे पहले आग मनोज पासवान के खेत में रखे पुआल में लगी थी। इसके बाद किशुन राम के घर रात में आग लग गई। इसी तरह क्रमवार गांव के आधा दर्जन से अधिक घरों में दिन और रात के समय आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। शुरुआत में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया, लेकिन कई स्थानों पर जहां आग लगी, वहां बिजली के तार तक नहीं हैं। कोई इसे खाना बनाते समय निकली चिंगारी से जोड़ रहा है, तो कोई असामाजिक तत्वों की करतूत या आपसी दुश्मनी में आगजनी की आशंका जता रहा है। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डेहरी एसडीएम नीलेश कुमार और एएसपी अतुलेश झा ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया कि आग लगने के पीछे प्राकृतिक कारण भी हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें। कहा कि यदि आगे भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो गांव में मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट