भिवंडी में आचार संहिता उल्लंघन का मामला, चार लोगों के खिलाफ एफआईआर

भिवंडी। भिवंडी मनपा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में निजामपुरा पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी की रात करीब 8 बजे शहर के घास बाजार कब्रिस्तान परिसर में स्थित बिचवाली मस्जिद के पास एक चुनावी सभा के दौरान अवैध रूप से राजनीतिक प्रचार किया जा रहा था। आरोप है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अधिकृत उम्मीदवार के समर्थन में पोस्टर और बैनर लगाए गए थे, जबकि उसी स्थान पर कांग्रेस पार्टी के बैनर और पोस्टर को काले कपड़े से ढक दिया गया था। इस मामले में शिकायतकर्ता मोहम्मद साद अब्दुल खालिक खर्बे (27) ने पुलिस को बताया कि भिवंडी मनपा प्रशासन द्वारा बार-बार सूचना और आदेश जारी किए जाने के बावजूद खिजर भरमल, उसामा अबुजी, तारिख काजी और जावेद मोमिन ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि भिवंडी मनपा चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और उनके कार्यकर्ताओं को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट