भिवंडी महानगरपालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी के छह उम्मीदवारों के नामांकन स्वीकार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 31, 2025
- 108 views
भिवंडी। भिवंडी शहर महानगरपालिका के आगामी चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने छह उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सभी छह उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के बाद स्वीकार कर लिए गए हैं और एक भी नामांकन पत्र खारिज नहीं हुआ है।आम आदमी पार्टी के भिवंडी शहर अध्यक्ष मसीह इकबाल ने बताया कि पार्टी ने सीमित लेकिन मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। उन्होंने दावा किया कि यदि भिवंडी शहर की जनता आम आदमी पार्टी के इन छह उम्मीदवारों को महानगरपालिका में भेजती है, तो शहर में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पार्टी द्वारा जिन उम्मीदवारों के नामांकन स्वीकार किए गए हैं, उनमें वार्ड क्रमांक 2 से सैयद मोबीन, वार्ड क्रमांक 10 से प्रणाली हणमंत जाधव और ऋषिकेश हणमंत जाधव, वार्ड क्रमांक 12 से नजमा बानो मुमताज अंसारी और नजीर शेख तथा वार्ड क्रमांक 17 से जहीर अली हसन अंसारी शामिल हैं।
मसीह इकबाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य महानगरपालिका में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक भिवंडी शहर में भ्रष्टाचार एक गंभीर समस्या रहा है और पार्टी इसे जड़ से खत्म करने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरी है।
महानगरपालिका चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों द्वारा उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल हो चुके हैं और आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है।


रिपोर्टर