माननीय दादासाहेब दांडेकर विद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 31, 2025
- 244 views
भिवंडी। माननीय दादासाहेब दांडेकर विद्यालय में मंगलवार, 30 दिसंबर की शाम वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिशुविहार शिक्षण संस्था के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकगण तथा गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी ब्रिगेडियर विनयजी बहल उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर परिमंडल–2 भिवंडी के पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे शामिल हुए। विद्यार्थियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से विद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. मानसी मनोहर गुरव (एमबीबीएस, डीजीओ) को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सुधीरजी देशमुख और उपाध्यक्ष शीतल देशमुख भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मान्यवरों के हाथों पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के लिए आदर्श विद्यार्थी पुरस्कार अरबाज असिफ पिंजारी को तथा आदर्श छात्रा पुरस्कार रिद्धी राजेंद्र पाटील को प्रदान किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का प्रस्तावना भाषण संस्था अध्यक्ष सुधीरजी देशमुख ने दिया। स्नेह सम्मेलन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, नाट्य और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग से यह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह वार्षिक स्नेह सम्मेलन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने वाला और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।


रिपोर्टर