जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंडीबेह में जल अर्पण दिवस का हुआ आयोजन
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Dec 23, 2025
- 30 views
राजगढ़ । जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंडीबेह में जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय मालवा लोक गीतों से की गई। जिनके माध्यम से जल का महत्व बताया गया तथा यह दर्शाया गया कि जल जीवन मिशन से ग्रामीण महिलाओं को जल संकट से राहत मिली है और अब उन्हें पेयजल के लिए लंबी दूरी पैदल नहीं चलनी पड़ती। कार्यक्रम में सासंद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, अपर सचिव जल जीवन मिशन भारत सरकार श्री कमलकिशोर सोम, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश जल निगम श्री के.वी.एस. चौधरी, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़़पाले एवं सरपंच श्रीमती होकमबाई तोमर सहित सभी अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया तथा हरित स्वागत के रूप में पौधा भेंट किया गया। ग्राम की मातृ शक्ति द्वारा कलश भेंट किए गए। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने बड़े कुंड में जल अर्पण किया, जो जल उपलब्धता सदैव बनी रहने का सांकेतिक संदेश था। सभी जनप्रतिनिधिगणों ने गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से 24*7 हर घर नल से जल के बारे में गांव के वयोवृद्ध माताओं से चर्चा की उस समय पानी की किल्लत से कैसे ग्रामीण महिलाएं अपना आधा समय गगरा-गगरा पानी एकत्रित करने में गवाती थी। अब हर घर नल से जल आने लगा तो ग्रामीण माताओं के चेहरे खिल उठे। सासंद श्री नागर ने ग्रामीणों से भी वन टू वन चर्चा की।
कार्यक्रम स्थल पर कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा श्री अन्न, प्राकृतिक खेती एवं औषधीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिला पंचायत द्वारा वॉश ऑन व्हील्स सेवा तथा कृषि विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई एवं जैविक खेती से संबंधित स्टॉल लगाए गए। साथ ही स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से जल कर भुगतान की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश जल निगम श्री के.वी.एस. चौधरी ने बताया कि ऑनलाइन भुगतान से नागरिकों के पास पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, भुगतान आसानी से किया जा सकेगा तथा राशि सीधे पंचायत के खाते में जमा होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि “रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी गए न ऊबरे, मोती, मानुष, चून॥” उन्होंने कहा कि पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्तमान में राजगढ़ जिले की लगभग 70 प्रतिशत ग्राम पंचायतें जल निगम से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने जल का अपव्यय न करने और जल संरक्षण को सामुदायिक जिम्मेदारी मानने की अपील की।
अपर सचिव जल जीवन मिशन भारत सरकार श्री कमलकिशोर सोम ने कहा कि भारत सरकार लगातार पंचायतों को सशक्त बनाने के प्रयास कर रही है। ग्रामवासी जागरूक रहें, क्योंकि यह योजना केवल आज के लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। पूर्व में माताएं-बहनें दूर से पानी लाने को मजबूर थीं, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को और सकारात्मक रूप से लागू कर सुधारने की आवश्यकता है। ग्रामीणों को यह जानकारी होनी चाहिए कि योजना से उन्हें कितना लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामवासियों को आपसी समन्वय के साथ मिलकर कार्य करना होगा। जल जीवन मिशन महिलाओं के लिए वरदान सिद्ध होगा, जिससे समाज आगे बढ़ेगा, स्वास्थ्य बेहतर होगा तथा महिलाएं शिक्षा की ओर अधिक अग्रसर होंगी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की प्रशंसा भी की।
सांसद श्री नागर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नया भारत बनाने का संकल्प लिया है, जो आज योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के रूप में दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में शामिल होगा। “ग्रामोदय से भारत उदय” की भावना के साथ सरकार ने समस्याओं को कम किया है और यह कार्य निरंतर जारी है। इसके साथ ही मोदी सरकार ने राजगढ़ जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया हैं।
सांसद श्री नागर ने ग्रामीण जीवन की ओर लौटने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें यह सोचना होगा कि इन परिस्थितियों से पहले हम किस पर जीवित थे पशुपालन पर। परंतु आज की पीढ़ी को गोबर से बदबू आती है, जबकि गोबर और गोमूत्र से उत्तम खाद बनती है। उन्होंने कहा कि हर परिवार को एक - दो पशु अवश्य रखने चाहिए। साथ ही फलदार पौधे लगाने, जैविक खेती अपनाने और विविध फसलों की ओर बढ़ने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि मोहनपुरा क्षेत्र के पास स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट अच्छी गुणवत्ता के साथ उग रहे हैं, जो किसानों के लिए नई संभावनाएं हैं। अंत में सांसद ने सभी से आग्रह किया कि पेड़ लगाना, पानी बचाना और प्रकृति का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
साथ की कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिनमें कलश प्रतियोगिता में राधा गौड़ प्रथम, कुमकुम गौड़ द्वितीय एवं तुलसी गौड़ तृतीय प्राप्त किया। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता मिडिल स्कूल में प्रथम स्थान प्रतिज्ञा पंवार, द्वितीय स्थान दीपिका गोंड़ और तृतीय स्थान किरण सोलंकी का रहा। रंगोली प्रतियोगिता प्राइमरी में प्रथम स्थान वर्षा, द्वितीय स्थान राधा एवं तृतीय स्थान अनमोल गोंड, प्राइमरी स्कूल चित्र कला प्रतियोगिता में प्रथम रचना पंवार, द्वितीय निशा चौहान एवं तृतीय पायल वर्मा, मिडिल स्कूल चित्र कला प्रतियोगिता में प्रथम दीपिका गौड़, द्वितीय मनीष गौड़ तथा तृतीय वर्षा तोमर ने प्राप्त किया। इसके साथ ही जिला जल एवं स्वच्छता समिति में श्रीमती होकमबाई अध्यक्ष, श्री अजित सिंह चुडांवत सचिव, श्रीमती कृष्णा बाई आशा कार्यकर्ता व समिति सदस्य, श्रीमती कुलता बाई आंगनवाडी कार्यकर्ता व समिति सदस्य, श्री पर्वत सिंह वाल्मेन समिति सदस्य को भी पुरस्कृत किया गया। इसी के साथ ही कार्यक्रम के अंत में सभी को जल संरक्षण हेतु शपथ दिलाई गई।


रिपोर्टर