दो नाबालिग लड़कियां संदिग्ध हालात में लापता, परिजनों में बढ़ी चिंता

भिवंडी। शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में नाबालिग लड़कियों के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने अपहरण की धाराओं के तहत शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया है।

पहला मामला कोनगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां 15 वर्षीय लड़की अचानक लापता हो गई। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित लड़की रोज की तरह गोदाम में काम करने गई थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि वह आसिफ नाम के एक युवक के साथ कहीं चली गई है और उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आसिफ के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र की है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर लेकर फरार हो गया। लड़की की मां ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर अपहरण का शक जताते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और लापता लड़कियों को जल्द से जल्द खोजने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट