भिवंडी में श्मशान भूमि बदहाल, मरम्मत की मांग तेज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 17, 2025
- 215 views
एनसीपी सेवादल भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भिवंडी। भिवंडी के शांतिनगर और रहमतपुरा क्षेत्र में स्थित एकमात्र हिंदू श्मशान भूमि की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। मुस्लिम बाहुल्य आबादी वाले इस क्षेत्र में मौजूद श्मशान भूमि की बदहाली को लेकर नागरिकों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी मुद्दे को उठाते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस सेवादल भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष देवानंद आर. गौंड ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को पत्र लिखकर श्मशान भूमि के तत्काल जीर्णोद्धार की मांग की है। उन्होंने कहा कि शांतिनगर, रहमतपुरा स्थित श्मशान भूमि की बाउंड्री वॉल पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे असामाजिक तत्वों का आवागमन बढ़ गया है। इसके कारण परिसर में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों में लगातार इजाफा हो रहा है, जो स्थानीय नागरिकों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचा रहा है। गौंड ने आरोप लगाया कि नागरिकों की शिकायतों के बावजूद भिवंडी महानगरपालिका ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने अपने पत्र में श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माण रोकने, सुरक्षा सुनिश्चित करने, शवदाह नया बनाने, टूटी बाउंड्री वॉल को मजबूत दीवार से बदलने और जर्जर हो चुके स्लैबों सहित अन्य सुविधाओं के पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से तुरंत हस्तक्षेप कर श्मशान भूमि की मरम्मत कराने और नागरिकों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।


रिपोर्टर