बिना बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपकरण के इमारत तोड़ने से हड़कंप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 16, 2025
- 101 views
मुख्य सड़क पर मलबे का खतरा - प्रशासन की अनदेखी जारी
भिवंडी । भिवंडी–निजामपुर शहर महानगर पालिका क्षेत्र के प्रभाग समिति क्रमांक 02 में भादवड़ नाका स्थित मनपा घर नंबर 20 पर अदालत के आदेशानुसार तोड़क कार्रवाई शुरू की गई है, लेकिन यह कार्रवाई सुरक्षा मानकों को पूरी तरह दरकिनार करते हुए की जा रही है। चार मंजिला इमारत को मुख्य सड़क और साथ लगती संकरी गली के बीच से ढहाया जा रहा है, जबकि न तो मजदूरों को सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं और न ही कार्यस्थल को सुरक्षा जाली या बैरिकेडिंग से घेरा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबा सीधे सड़क और गलियों में गिर रहा है, जिससे किसी भी क्षण बड़ा हादसा हो सकता है। राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के निवासियों में डर का माहौल है, क्योंकि ढहाई स्थल पर न तो यातायात नियंत्रण की व्यवस्था है और न ही नागरिकों को सुरक्षित दूरी पर रोकने के लिए कोई कर्मचारी तैनात किया गया है,विशेष बात यह है कि जिस इमारत को बिना सुरक्षा मानकों के तोड़ा जा रहा है, उससे कुछ ही कदम की दूरी पर प्रभाग समिति क्रमांक 02 के सहायक आयुक्त का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद अधिकारी स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया,जिससे मनपा की कार्यप्रणाली और ठेकेदार पर निगरानी के अभाव की स्थिति उजागर हो रही है। नगरवासियों का कहना है कि अदालत के आदेश का पालन करना आवश्यक है, परंतु सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर मनपा खुद लोगों की जान को खतरे में डाल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी संरचना ढहाई कार्य से पहले क्षेत्र को घेरना, मलबा नियंत्रण उपाय लागू करना, श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण देना और यातायात प्रबंधन करना अनिवार्य होता है। दक्ष नागरिकों ने मांग की है कि मनपा प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर कार्य को रोककर आवश्यक सुरक्षा इंतज़ाम सुनिश्चित करे और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करे, ताकि लापरवाही से बढ़ते खतरे को रोका जा सके और शहर में सुरक्षित कार्य संस्कृति स्थापित हो।


रिपोर्टर