युवती पर जबरन शादी करने के लिए बनाया दबाव
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 07, 2025
- 170 views
इंकार करने पर जान से मारने की दी धमकी — आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी। शहर के भोईवाडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक युवती पर जबरन शादी का दबाव डालने और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 22 वर्षीय युवती ने बताया कि आरोपी बिलाल अहमद शमशाद अहमद खान (22), निवासी ईदगाह पानी टंकी के पास, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के धंडवाराकला गांव का रहने वाला है। वह पिछले कई महीनों से युवती पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था।शिकायत में कहा गया है कि अगस्त 2023 से लेकर 4 नवंबर 2025 की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे तक आरोपी लगातार विभिन्न मोबाइल नंबरों से संपर्क कर युवती को परेशान करता रहा। युवती द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद वह पीछा करता रहा और धमकियां देता रहा। घटना के दिन आरोपी ने रास्ते में युवती को रोका, उसका हाथ पकड़कर कहा, “मुझसे शादी कर लो, वरना तुझे जान से मार दूंगा। अगर तूने किसी और से शादी की तो मैं तुझे जिंदा नहीं छोड़ूंगा।”इस धमकी से भयभीत युवती ने तुरंत भोईवाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 694/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी बिलाल खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष तपासे कर रहे हैं।


रिपोर्टर