रामपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई बोलेरो, तीन की मौत – तीन की हालत नाजुक

जौनपुर (रामपुर)। रविवार सुबह रामपुर थाना क्षेत्र के गंधवना गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है।

डॉक्टरों ने जांच के बाद आलोक वर्मा (38 वर्ष), उनकी पत्नी गुड़िया वर्मा (32 वर्ष) और वृद्धा फूला देवी (70 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अभिराट वर्मा (16 वर्ष) को गंभीर अवस्था में ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया है। दो अन्य महिलाओं को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी श्रद्धालु विंध्याचल धाम से दर्शन कर अंबेडकरनगर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे बोलेरो जैसे ही एचपी पेट्रोल पंप, गंधवना गांव के पास पहुंची, चालक ने तेज रफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सीधे खड़े ट्रक में जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाया गया। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामपुर भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भदोही जिला अस्पताल रेफर किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। बोलेरो और ट्रक दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट