कैमूर जिले में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित: 11 नवंबर को मतदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 06, 2025
- 71 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर - भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के लिए प्रेस नोट जारी कर दिया है, जिससे कैमूर (भभुआ) जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों – 203-रामगढ़, 204-मोहनिया (अ०जा०), 205-भभुआ और 206-चैनपुर – के लिए विस्तृत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई है। मतदान 11 नवंबर 2025 को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर 2025 को होगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 16 नवंबर 2025 तक संपन्न कर ली जाएगी। अधिसूचना 13 अक्टूबर 2025 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 होगी, जिसके बाद 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर 2025 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। 203-रामगढ़ के लिए श्री कमलाकांत त्रिवेदी (भूमि सुधार उप समाहर्ता, मोहनिया), 204-मोहनिया (अ०जा०) के लिए श्री अनिरूद्ध पाण्डेय (अनुमंडल पदाधिकारी, मोहनिया), 205-भभुआ के लिए श्री अमित कुमार (अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ) और 206-चैनपुर के लिए शुभी श्रेया कुमारी (भूमि सुधार उप समाहर्ता, भभुआ) को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। विभिन्न प्रखंडों के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। सासाराम (अ०जा०) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन विधानसभा क्षेत्रों की कुल अनुमानित जनसंख्या 20,12,294 है, जिसमें 10,30,060 पुरुष और 9,82,234 महिलाएं शामिल हैं।जिले में कुल 1484 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। विधानसभावार मतदान केंद्रों की संख्या 203-रामगढ़ में 346, 204-मोहनिया (अ०जा०) में 354, 205-भभुआ में 354 और 206-चैनपुर में 430 मतदान केंद्र होंगे। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। निर्वाचन व्यय पर कड़ी निगरानी रखने हेतु 13 फ्लाइंग स्क्वॉड, 42 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 11 वीडियो सर्विलांस टीम का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त, 5 मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट (कर्मनाशा, महदाईच, बडोरा, ककरैत और अखिनी) स्थापित किए गए हैं। जनता की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1950 भी जारी किया गया है। पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में कैमूर जिले का कुल मतदान प्रतिशत 62.76% था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यह 59.65% रहा। इस बार आयोग का लक्ष्य मतदान प्रतिशत को और बढ़ाना है।


रिपोर्टर