अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बालिका छात्रवृत्ति दी गई जानकारी


रोहतास ।जिले के गोपाल नारायण विश्वविद्यालय, जमुहार में गुरुवार को छात्राओं को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन गर्ल्स स्कॉलरशिप के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह और मानव अधिकार कार्यकर्ता संतोष उपाध्याय का अतुलनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर पैरवी के सामाजिक कार्यकर्ता विवेक कुमार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत विधि संकाय, कृषि संकाय, प्रबंधन संकाय और फार्मेसी संकाय में जाकर छात्राओं को इस छात्रवृत्ति योजना से लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और छात्रवृत्ति से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

यह छात्रवृत्ति विशेष रूप से उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने सरकारी विद्यालयों से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में स्नातक या डिप्लोमा में नामांकन लिया है। चयनित छात्राओं को रु. 30,000 रुपये की राशि प्रतिवर्ष 3 से 5 वर्षों तक प्रदान की जाएगी। यह आर्थिक सहयोग छात्राओं की उच्च शिक्षा में निरंतरता सुनिश्चित करेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह स्कॉलरशिप केवल आर्थिक सहायता ही नहीं है, बल्कि ग्रामीण और वंचित पृष्ठभूमि से आने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोलने का माध्यम है। यह पहल शिक्षा में समानता और लैंगिक न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस अवसर पर विधि संकाय के डीन डॉक्टर विनोद कुमार सरोज, प्रबंधन संकाय के डीन डॉ विवेक शर्मा एवं अन्य शिक्षक गण उपस्थित थे ।इस कार्य के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ महेंद्र कुमार सिंह एवं प्रतिकुलपति डॉ जगदीश सिंह ने साधुवाद दिया है।


अंत में, विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र-छात्राओं की ओर से पैरवी टीम का आभार व्यक्त किया गया और यह आशा जताई गई कि अधिक से अधिक छात्राएं इस योजना का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार करेंगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट