भिवंडी मनपा कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 25, 2025
- 278 views
वेतन आयोग की बकाया राशि, प्रगति योजना और श्रमसाफल्य योजना लागू करने की उठी मांग
भिवंडी। भिवंडी शहर महानगरपालिका के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार, 25 अगस्त को सड़कों पर उतर आए। मनपा मुख्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। यह आंदोलन कामगार कर्मचारी संघर्ष कृती समिती के नेतृत्व में आयोजित किया गया था।
धरने में म्युनिसिपल मजदूर यूनियन, भारतीय कामगार महासंघ, अखिल महाराष्ट्र जनरल कामगार यूनियन, रिपब्लिकन श्रमिक ब्रिगेड और शासकीय वाहन चालक संघ जैसी विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व प्रमुख पदाधिकारियों घनश्याम गायकवाड़, राजू चव्हाण, भानुदास भसाले, महेंद्र कुंभारे, श्रीपत तांबे और राजेश जाधव ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कई अहम मांगें रखीं। इसमें छठे और सातवें वेतन आयोग की बकाया राशि तुरंत कर्मचारियों के खातों में जमा करने, सफाई और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के उत्तराधिकार मामलों का त्वरित निपटारा करने, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर श्रमसाफल्य योजना को लागू करने और आश्वासित प्रगति योजना (12/24 तथा 10/20/30) को अमल में लाने की मांग शामिल रही। साथ ही राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा दिए गए आदेशों को लागू करने की भी मांग उठाई गई।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उनका स्पष्ट संदेश है कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो वे आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाएंगे। भिवंडी मनपा कर्मचारियों के इस विरोध ने एक बार फिर प्रशासन को चेताया है कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के बिना शहर की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।


रिपोर्टर