2.85 लाख का प्रतिबंधित गुटखा पकड़ा, तस्करी की साजिश नाकाम
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 25, 2025
- 156 views
नारपोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, गुटखा माफियाओं में मचा हड़कंप
भिवंडी। महाराष्ट्र सरकार के प्रतिबंध के बावजूद गुटखा माफियाओं का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार तड़के नारपोली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2.85 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, काल्हेर गांव निवासी अक्षय सदाशिव गुडेकर (27) टाटा कंपनी की टेंपो में अवैध गुटखा और सुगंधित तंबाकू लेकर धामणकर नाका से अंजूरफाटा रोड की ओर जा रहा था। पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी में 2 लाख 85 हजार 680 रुपये कीमत का बाजीराव गुटखा, पान मसाला मस्तानी और प्रीमियम च्यूइंग टोबैको जब्त किया। यह सभी उत्पाद महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर प्रतिबंधित श्रेणी में शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि आरोपी इस प्रतिबंधित माल को बाजार में खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने गुटखे के साथ वाहन को भी सील कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक महेन्द्र पाटिल मामले की तहकीकात कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गुटखे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। नारपोली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गुटखा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वहीं, शहर में सक्रिय गुटखा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


रिपोर्टर