मुंबई-नाशिक हाईवे पर दिन में भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाए: दयानंद चोरघे

भिवंडी। गणेशोत्सव नज़दीक है और त्यौहार के मद्देनज़र खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर निकल रहे हैं। ऐसे में मुंबई-नाशिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर भिवंडी से ठाणे के बीच लगातार लग रहे जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए ठाणे जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दयानंद चोरघे ने ठाणे जिलाधिकारी से दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। चोरघे ने जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि हाईवे पर ट्रैफिक जाम चरम पर है। सामान्यतः 10 से 15 मिनट का सफर तय करने में लोगों को 3 से 4 घंटे लग रहे हैं। भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण ही यह स्थिति बनी है। गणेशोत्सव के दौरान नागरिक और गणेश मंडलों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आगे कहा कि गणेशोत्सव हर घर में धूमधाम से मनाया जा रहा है और इस अवसर पर नागरिक बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए बाहर निकलते हैं। मगर भीषण जाम के चलते लोग बेहद परेशान और नाराज हैं। अगर दिन के समय हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाए और उन्हें केवल रात में चलने की अनुमति दी जाए, तो ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।चोरघे ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू करे और संबंधित विभागों को इस संबंध में स्पष्ट आदेश दिए जाएं, ताकि गणेशोत्सव के दिनों में नागरिकों को राहत मिल सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट