तिहाड़ जेल में बंद सिमी आतंकी साकिब नाचन की मौत

ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल में था भर्ती


भिवंडी। प्रतिबंधित आतंकी संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पूर्व सदस्य और ठाणे जिले के पडघा निवासी साकिब नाचन का शनिवार दोपहर दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। 44 वर्षीय नाचन को ब्रेन हेमरेज के बाद चार दिन पूर्व तिहाड़ जेल से दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार दोपहर 12:10 बजे उसकी मौत हो गई। साकिब नाचन को 2023 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े मॉड्यूल के खिलाफ देशव्यापी अभियान के तहत गिरफ्तार किया था। उस पर आईएसआईएस की विचारधारा को फैलाने और युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के आरोप थे। गिरफ्तार होने के बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद था।

मंगलवार, 24 जून को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया और उसके परिजनों को सूचित किया गया। डॉक्टरों ने जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की थी और उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जायेगा है और रविवार को ठाणे जिले के बोरीवली गांव में उसका अंतिम संस्कार होने की संभावना है। नाचन की मौत की खबर मिलते ही पडघा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें नाचन की गंभीर तबीयत की जानकारी पहले से नहीं थी। फिलहाल एनआईए और दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि सिमी पर भारत सरकार ने 2001 में देशविरोधी गतिविधियों के चलते प्रतिबंध लगा दिया था। साकिब नाचन का संगठन से लंबे समय तक जुड़ाव रहा है और उसका नाम पूर्व में भी कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ चुका है। NIA अब भी इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की जांच कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट