अपना पूर्वांचल महासंघ के देवरिया जिला प्रभारी बने गिरिजानन्द उपाध्याय

देवरिया : गिरिजा नन्द उपाध्याय को "अपना पूर्वांचल महासंघ" की ओर से देवरिया जनपद का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके सामाजिक कार्यों, जनसरोकारों के प्रति सक्रिय सहभागिता और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए की गई है।

महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव फूलचंद दीक्षित द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में उन्हें जिले के स्तर पर संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए शिक्षा, रोजगार, व्यावसायिक प्रशिक्षण, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपना पूर्वांचल महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दुबे ने कहा कि उन्हें देवरिया जिले का जिला प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही संगठन के संयोजक और सहसंयोजक की नियुक्ति कर संगठन को मजबूती दिलाने की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक उत्थान, स्वास्थ सेवाएं, शासकीय योजनाओं में सहभागिता और रोज़गारपरक कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता है, जिसके लिए गिरिजा नन्द उपाध्याय को एक सक्रिय कड़ी के रूप में कार्य करना होगा।

महासंघ की ओर से संरक्षक कृपाशंकर सिंह, राष्ट्रीय कोर्डिनेटर अम्ब्रिश दुबे व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष आनंद सावरण ने अपना मनोगत व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रयास पूर्वांचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है, और गिरिजा नन्द उपाध्याय जैसे कर्मठ कार्यकर्ता की नियुक्ति से संगठन की जमीनी स्तर पर पकड़ और मजबूत होगी। उन्हें यह अवसर संगठन के सामाजिक सरोकारों को विस्तार देने और विकास की नई योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु प्रदान किया गया है। अपना पूर्वांचल महासंघ ने उम्मीद जताई है कि उपाध्याय संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्रीय विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट