जंगल में दम तोड़ रहा शेरगढ़ का ऐतिहासिक किला, छत टूटी, दीवारें धराशाई
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 23, 2026
- 20 views
रोहतास । जिले के घने जंगलों के बीच स्थित ऐतिहासिक शेरगढ़ का किला आज अपनी बदहाल अवस्था में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। कभी अपनी मजबूती और वैभव के लिए जाना जाने वाले यह किला आज पूरी तरह से जर्जर हो चुका है।
किले का दौरा करने पर जो तस्वीर सामने आई, वह बेहद चिंताजनक है। किले की छत पूरी तरह टूट चुकी है। दीवारों पर जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। चारों तरफ झाड़ियां और जंगल उग आए हैं। किले के अंदर जाने वाला रास्ता भी बेहद खराब और खतरनाक हो चुका है। संभल-संभल कर चलना पड़ता है।
किले के अंदर का आंगन भी खंडहर में बदल चुका है। चारों तरफ सिर्फ टूटे-फूटे महल और मकान नजर आते हैं। बताया जाता है कि किले के नीचे जमीन के अंदर भी कई किले और सुरंगें हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन्हीं सुरंगों से होकर कई रास्ते निकलते हैं, जो किले को अन्य स्थानों से जोड़ते थे। लोगों का यह भी कहना है कि यहां किसी का मकबरा भी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
किले की छत से कर्मनाशा डैम की झील का नजारा दिखता है, लेकिन बादल और कम रोशनी के कारण वह साफ नहीं दिख पाया।
स्थानीय लोगों और इतिहास प्रेमियों का कहना है कि शेरगढ़ का किला रोहतास जिले की अनमोल धरोहर है। अगर समय रहते इसके संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाली पीढ़ी इसे सिर्फ तस्वीरों में ही देख पाएगी।
लोगों ने प्रशासन और पुरातत्व विभाग से मांग की है कि किले की मरम्मत, सफाई और संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाया जा सके और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।


रिपोर्टर