शिवहर में बाल श्रम के खिलाफ धावा दल की कार्रवाई, तरियानी में एक बाल श्रमिक मुक्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 19, 2026
- 15 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जिले में बाल श्रम उन्मूलन के लिए श्रम विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत तरियानी प्रखंड क्षेत्र में धावा दल ने सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सलेमपुर बाजार स्थित एक गैरेज में कार्यरत एक बाल श्रमिक को चिह्नित कर तत्काल मुक्त कराया गया।
श्रम अधीक्षक विजय कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित धावा दल ने तरियानी के विभिन्न चौक-चौराहों, दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने संचालकों को बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य जिले को बाल श्रम मुक्त बनाना है।
मुक्त कराए गए बाल श्रमिक के नियोजक के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत शिवहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस कानून के अंतर्गत 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी व्यवसाय में रोजगार देना प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष के किशोरों को खतरनाक कार्यों में लगाने पर रोक है।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुक्त कराए गए बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके बाद बच्चे को बाल गृह में आवासित कराने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बच्चे और उसके परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुरेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्रनाथ राम, मोहन कुमार सचिव, सवेरा स्वयंसेवी संगठन के अतिथि अभिषेक कुमार सहित तरियानी थाना पुलिस बल मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों से बाल श्रम कराना कानूनन अपराध है। जिले में बाल श्रम के विरुद्ध जांच, कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।
समाज से अपील
बाल श्रम रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ बचपन जीने का अधिकार है। बाल श्रम मुक्त समाज और सुरक्षित बचपन के निर्माण में सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।


रिपोर्टर