मैकू राम ने फिर संभाली तिलौथू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 18, 2026
- 3 views
रोहतास। लंबे अरसे से विवादों में रहे शिक्षक मैकू राम ने बुधवार को एक बार फिर तिलौथू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक का पदभार संभाल लिया। उन्होंने बताया कि पटना उच्च न्यायालय द्वारा एमजेसी मामले में पारित अंतिम आदेश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास ने उन्हें विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक प्राधिकृत किया है। उनके अनुसार, न्यायालय ने आदेश का अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को कड़े निर्देश भी दिए थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद मैकू राम ने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि उनके विद्यालय में नहीं रहने के दौरान व्यवस्था प्रभावित हुई है। परिसर में लगे फूल-पौधों, पंखों, नल-जल व्यवस्था सहित अन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। इनका निरीक्षण कर मरम्मत एवं सुधार कराया जाएगा। साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बैठक कर विद्यालय को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं, बीईओ शुभम कुमार ने कहा कि प्रधानाध्यापक को पदभार जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दिलाया जाता है। फिलहाल उन्हें इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि, मैकू राम से बातचीत हुई है, जिसमें उन्होंने पदभार ग्रहण करने की बात कही है।


रिपोर्टर