छठ के बाद चेनारी व शिवसागर क्षेत्र से परदेस लौटने वालों की बढ़ी भीड़, बस स्टैंड व स्टेशनों पर चहल-पहल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 17, 2026
- 5 views
संवाददाता इंजीनियर अमित कुमार सिंह
शिवसागर (रोहतास) | लोकआस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब चेनारी विधानसभा क्षेत्र के शिवसागर, चेनारी, नौहट्टा और रोहतास प्रखंडों से प्रवासी कामगारों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की वापसी शुरू हो गई है। मंगलवार सुबह से ही पूरे चेनारी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, सूरत, कोलकाता और चेन्नई जाने के लिए सासाराम और डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशनों का रुख कर रहे हैं।
गांवों में फिर पसरा सन्नाटा, बसों में भारी भीड़
छठ महापर्व को लेकर पिछले एक सप्ताह से शिवसागर, तोरना, चेनारी बाजार, मल्हीपुर, नौहट्टा और रोहतास के गांवों में जो रौनक थी, वह अब कम होने लगी है। सुबह से ही शिवसागर और चेनारी मुख्य बाजारों से सासाराम व डेहरी जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और यात्री बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। अपने परिजनों को विदा करने के लिए परिवार के सदस्य भी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक पहुंच रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का सहारा
अधिकांश नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट होने के कारण क्षेत्र के यात्रियों को सफर में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पूर्व मध्य रेलवे (डीडीयू रेल मंडल) द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए डीडीयू-सासाराम-गया रूट पर पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। आज (17 नवंबर) गाड़ी संख्या 03689 (गया-चेन्नई वन-वे स्पेशल) का ठहराव सासाराम और डेहरी स्टेशनों पर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने 30 नवंबर तक विभिन्न स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की है, जिससे प्रवासी कामगारों को कुछ राहत मिली है।


रिपोर्टर