डीएम ने 10 आम नागरिकों से किया सीधा संवाद, सुनीं समस्याएं; कई मामलों का तत्काल समाधान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 17, 2026
- 1 views
रोहतास। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासन तक उनकी सहज पहुंच तथा पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने कुल 10 आम नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदक को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस दौरान कई समस्याओं का तत्काल समाधान भी किया गया।
आम नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित पहल
जनता दरबार में आवेदक सर्वश्री अप्सेज ठाकुर, दीनानाथ चौधरी, शारदा देवी उर्फ धरिछन देवी, लालती देवी, रविन्द्र तिवारी एवं श्री ऋषिकान्त तिवारी सहित अन्य नागरिकों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदन पत्रों को विषय की प्रकृति के अनुसार संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रोहतास; अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास; अंचल अधिकारी, नोखा; अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम; अंचल अधिकारी, चेनारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हैं।
अधिकारियों को अविलंब जांच एवं नियमानुसार निष्पादन का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदन पत्रों की अविलंब जांच करते हुए नियमानुसार समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप उसका निष्पादन किया जाए।
प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद
जनता दरबार का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना है, ताकि उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन, रोहतास आम नागरिकों के सम्मान, सुविधा एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।


रिपोर्टर