शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में छठ पूजा हुआ संपन्न

 छठ पूजा नवयुवक समिति के द्वारा साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं का रखा गया पूर्ण ख्याल

अखिल भारतीय समाचार टीम 

कैमूर--- जिले के कुदरा प्रखंड क्षेत्र के अमिरथा गांव स्थित दुर्गावती नदी घाट पर इस वर्ष छठ महापर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और आस्था के साथ शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

चार दिवसीय इस महापर्व में व्रतियों ने नहाय-खाय से लेकर खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरी विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। घाट पर सुबह और शाम अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-नगाड़े, छठ गीतों और भक्ति भाव से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


इस बार छठ पूजा नवयुवक समिति के द्वारा घाट पर विशेष व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों ने पूजा से कई दिन पहले से ही घाट की साफ-सफाई, घाट तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत, प्रकाश की व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा और सुरक्षा का पूर्ण ख्याल रखा।

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए दुर्गावती नदी को पार करने के लिए चचरी पुल का भी निर्माण कराया गया था। इससे नदी के उस पार से आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी सुविधा हुई। घाट पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी।


पूजा के दौरान समिति के कार्यकर्ता पूरी तरह मुस्तैद रहे। वे लगातार घाट पर घूम-घूम कर व्यवस्था संभालते नजर आए। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर नजर रखी गई।

समिति के अध्यक्ष प्रदीप साहनी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समिति का प्रयास रहा कि सभी व्रती शांति और सुविधा के साथ पूजा संपन्न करें। उन्होंने कहा कि गांव के सभी लोगों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

समिति के उपाध्यक्ष मोहित साहनी, कोषाध्यक्ष विकी साहनी, सचिव मयूरा साहनी, उप सचिव रविंद्र शर्मा, संचालक सह प्रभारी संजय साहनी, अनिरुद्ध चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्यों और गांव के युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


अंत में उषा अर्घ्य के साथ व्रतियों ने पारण किया और एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। गांव के लोगों ने समिति के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और कहा कि समिति की व्यवस्था के कारण इस बार छठ पूजा और भी सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट