छठ व्रतियों के बीच समाज सेवक द्वारा किया गया फल सहित अन्य सामग्रियों का वितरण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 17, 2026
- 4 views
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर---- छठ महापर्व के पावन अवसर पर कुदरा प्रखंड क्षेत्र के देवराढ़ कलां खुर्द पंचायत अंतर्गत नसेज गांव सहित पंचायत के अन्य गांवों में समाज सेवक राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में समाज सेवकों द्वारा छठ व्रतियों के बीच फलों सहित अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया।
तीनों दिन चलें इस सेवा कार्य में नहाय-खाय से लेकर खरना और संध्या व उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने तक, व्रतियों को जरूरत की सभी सामग्री उपलब्ध कराई गई।
क्या-क्या बांटा गया
वितरण में व्रतियों को सूप, दौरी, नारियल, केला, सेब, संतरा, अनार, गन्ना, सिंघाड़ा, अदरक, हल्दी, मूली, नींबू, पान-सुपारी, अगरबत्ती, कपूर, रोली, अक्षत, गुड़, घी, शहद, दूध, गंगाजल सहित छठ पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्रियां दी गईं।
गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को विशेष रूप से चिन्हित कर उनके घर तक सामग्री पहुंचाई गई, ताकि किसी भी व्रती को पूजा के लिए भटकना न पड़े।
गांव में दिखा उत्साह
वितरण कार्यक्रम के दौरान गांव में काफी उत्साह का माहौल रहा। सुबह से ही छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का काम भी किया गया। समाज सेवक राकेश कुमार शर्मा, संतोष सिंह, डॉ रामाधार सिंह, अमरेंद्र सिंह, बिकाऊ साह, अमित पासवान सहित अन्य समाज सेवियों ने स्वयं अपने हाथों से व्रतियों को फल और सामग्री सौंपी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, शुद्धता और समर्पण का पर्व है। इस पर्व में व्रतियों की सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य का काम है। पिछले कई वर्षों से वे इस तरह का सेवा कार्य करते आ रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
ग्रामीणों ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। व्रतियों ने कहा कि महंगाई के इस दौर में फल और पूजन सामग्री मिल जाने से उन्हें काफी राहत मिली है और वे बिना किसी परेशानी के व्रत कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि राकेश कुमार हमेशा सुख-दुख में गांव के लोगों के साथ खड़े रहते हैं। छठ जैसे महापर्व पर उनका यह सहयोग पूरे पंचायत के लिए प्रेरणा का काम कर रहा है।


रिपोर्टर