एसपी के हाथों सम्मान पाकर खिले बच्चों के चेहरे
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 11, 2026
- 36 views
रोहतास। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संत जोसेफ स्कूल, सासाराम की छात्राओं को शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डेहरी में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। रोहतास के पुलिस अधीक्षक श्री राज ने झांकी में शामिल सभी प्रतिभागी छात्राओं को अपने हाथों से प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
पुलिस अधीक्षक के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह के दौरान एसपी श्री राज ने सभी छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक छात्रा से उसका नाम, पढ़ाई और भविष्य में वह क्या बनना चाहती है, इसके बारे में विस्तार से पूछा। छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, सीईओ और आईपीएस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। बच्चों के ऊंचे लक्ष्य और उत्साहपूर्ण जवाब सुनकर एसपी काफी प्रसन्न हुए तथा उन्होंने उनकी सराहना की। इस दौरान समारोह का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक और देखने योग्य रहा।
छात्राओं को संबोधित करते हुए एसपी ने शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के महत्व पर कई प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने भविष्य का लक्ष्य अभी से निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत, लगन एवं ईमानदारी से पढ़ाई करें। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी रुचि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना। इस आत्मीय संवाद से बच्चों का सामान्य ज्ञान बढ़ने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ।
सम्मान समारोह से लौटने के बाद विद्यालय परिसर में छुट्टी के समय अभिभावकों और शिक्षकों के बीच एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने सम्मानित छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए। अभिभावकों ने संत जोसेफ स्कूल प्रबंधन के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली ऐसी रचनात्मक, सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे काबिले-तारीफ बताया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। इन कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक समझ और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर संत जोसेफ स्कूल के निदेशक सह बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने रोहतास के पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूली बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें इस प्रकार सम्मानित करना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। ऐसे सम्मान से बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास दोगुना हो जाता है तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।”
संतोष कुमार ने कहा कि संत जोसेफ स्कूल भविष्य में भी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा अन्य सरकारी विभागों द्वारा आयोजित राष्ट्रीय, सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता रहेगा।
सम्मानित होने वाली छात्राओं में सौम्या कुमारी, आकृति कुमारी, अश्मिता कुमारी, आस्था कुमारी, सृष्टि कुमारी, दीप्ति कुमारी, राज नंदनी, श्रेया कुमारी, शिल्पी कुमारी, आद्या, श्रेया कुमारी, अदिति कुमारी, पारिशी कुमारी, श्रेया कुमारी, अनन्या कुमारी, नैना गुप्ता, सुहानी कुमारी, सीमा कुमारी, अनन्या राज, प्रियंका कुमारी, सुहानी कुमारी, जागृति कुमारी, सेजल कुमारी, मोनाली कुमारी एवं परी कुमारी वर्मा शामिल थीं।


रिपोर्टर